सुकमा (DNH):- जिले के पुलिस टीम ने एक 5 लाख के इनामी नक्सली और एक नक्सल सहयोगी को पकड़ने का दावा किया है। इस बात का भी खुलासा किया गया है कि नक्सलियों के लिए हथियार बनाने का काम ओडिशा के जंगलों में होता था। हथियार बनाने की मिनी फैक्ट्री को चलाने वाले को भी पकड़ा गया है। पुलिस को उम्मीद है कि इन गिरफ्तार किए गए आरोपियों से कई अहम सुराग मिलेंगे। जानकारी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि इनामी नक्सली माड़वी जोगा गांव आया हुआ है।






वह पिछले तीन – चार दिनों से गांव रसावाया के आस-पास ही था। पुलिस और डीआरजी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देख देशी भरमार बंदूक लिए एक शख्स भागने लगा। इसे पकड़ने पर उसने अपना नाम माड़वी जोगा बताया, उसने कहा कि उसे बंदूक नक्सलियों ने दी है वो पिछले 7 सालों से सक्रिय है। उसने बंदूक के बारे में बताया कि मलकानगिरी ओडिशा में बंदूकें बनती हैं। इसकी मदद से पुलिस मलकानगिरी गई। जगन्नाथ बरनई नाम के शख्स को भी पकड़ा गया। पुलिस ने बताया कि यह एक मिनी फैक्ट्री में बंदूके बनाता था। आरोपी के पास से एक भट्ठी, बंदूक के बैरल(नली), लकड़ी के हिस्से और बंदूकें मिली हैं। हथियार तैयार होने के बाद नक्सलियों तक पहुंचे थे। आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।