महासमुन्द (DNH):- महासमुन्द पुलिस ने आज थाना सिंघोड़ा रेहटीखोल चेक पाइंट पर ओडि़शा बरगढ़ की ओर से आ रही एक कार की डिक्की से एक करोड़ 12 लाख, 99 हजार, 200 रुपए बरामद किया है। कार में दो व्यक्ति बैठे हुए थे। पुलिस को उन्होंने अपना नाम प्रतीक छाबडिय़ा पिता गोविंद छाबडिय़ा उम्र 30 वर्ष, साकिन वार्ड नंबर 5 नदीमाडा मेनरोड बरगढ़ तथा सुरेंद्र सोना पिता द्वारू सोना उम्र 28 वर्ष, वार्ड नंबर एक नदीमाडा बरगढ़ ओडिशा बताया है। वाहन सुरेन्द्र चला रहा था।



लॉकडाउन की स्थिति में भी इतनी बड़ी रकम लेकर सफर करने के बारे में उन्होंने कहा है कि उनका ओडिशा में ज्वेलरी की दूकान है। अत: बड़ी राशि लेकर धंधे से जुड़े काम से निकले थे। पुलिस ने दोनों को आयकर विभाग के हवाले कर दिया है। नोटों की गड्डियां और वाहन बरामद कर महासमुन्द पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी है।
घटनाक्रम अनुसार रेहटीखोल चेक पाइंट पर ओडिशा की ओर से आ रही वाहनों की तलाशी जारी थी। इसी दौरान यह कार रेहटीखोल चेक पाइंट पहुंची। कार सुरेन्द्र चला रहा था। बाजू वाली सीट पर प्रतीक बैठा हुआ था। तलाशी के दौरान पुलिस को कार में एक लॉकर की चाबी मिली। इस चाबी के बारे में दोनों ने पुलिस को गोलमोल जवाब दिया। पुलिस ने संदेहजनक स्थिति पाकर फिर से गाड़ी की तलाशी ली तो पिछली सीट और डिक्की के बीच पुलिस को एक गुप्त चेंबर दिखाई दिया। उक्त चेम्बर को कार में मिली चाबी से खोला गया तो उसके अंदर तीन बैग मिले जिसमें 2000, 500 और 200 के नोटों की गड्डियां बड़ी संख्या में मौजूद थी। तीनों बैग में कुल 1 करोड़ 12 लाख 99 हजार 200 रुपये थे।