मुंगेली (DNH):- शहर में सोमवार की शाम एक अधेड़ का शव मिला। मृतक खून से लथपथ था। किसी ने बेरहमी से उसकी हत्या कर दी थी। घटना दाऊ पारा इलाके के नहर रोड की है। बिलासपुर रोड से मुंगेली जिला अस्पताल जाने वाली सड़क पर लाश मिली। यहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने शव को देखा तो पुलिस को सूचित किया। सड़क सूनसान थी और यहां अंधेरा भी था। इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
लाश मिलने के बाद पुलिस को यह किसी रंजिश के चलते हत्या का मामला लग रहा था। लाश से चंद कदम की दूरी पर ही एक साइकिल पड़ी हुई है। मृतक की शिनाख्त करही देवरी निवासी झुमुक राम यादव के रूप में हुई, शुरूआती जांच में पता चला कि मृतक का कुंज राम यादव नाम के शख्स से विवाद है। पुलिस ने पूछताछ के लिए कुंजराम को हिरासत में लिया और उसे सारी बातें बताईं। दरअसल कुंजराम की बेटी को मृतक के परिवार का एक युवक अपने साथ भगा ले गया था।
आरोपी 5 साल पुरानी इस घटना की वजह से तैश में था। पहले भी मृतक और आरोपी के बीच कई विवाद हो चुके थे। सोमवार की शाम झुमुक, जिला अस्पताल में एडमिट अपनी बहू से मिलकर लौट रहा था। इस दौरान उसकी मुलाकात सड़क पर कुंजराम से हो गई। दोनों के बीच पुरानी बातों को लेकर विवाद हुआ। गुस्से में आकर आरोपी ने उसकी हत्या कर दी। इस वक्त आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस अन्य तथ्यों पर जांच कर रही है।