12 निगम-मंडलों में जल्द होगी राजनीतिक नियुक्तियां,सत्यनारायण, धनेन्द्र, अरुण वोरा,धनेश पाटिला, रामगोपाल अग्रवाल, गिरीश देवांगन और सुरेन्द्र शर्मा के नाम शामिल।
रायपुर. छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार बनने के 18 माह बाद होने वाली राजनीतिक नियुक्तियों में पांच विधायकों की भी ताजपोशी की जाएगी। वरिष्ठ आैर तेज तर्रार विधायकों को जवाबदारी देने के बहाने सरकार अपने आपको भी मजबूत करने की तैयारी में है। बताया जा रहा है कि 10 से 12 निगम मंडलों की सूची जल्द ही जारी की जाएगी।
जिन विधायकों को निगम-मंडलों में पद देने के संकेत हैं, उनमें सत्यनारायण शर्मा, रामपुकार सिंह, धनेन्द्र साहू, अरूण वोरा के नाम शामिल हैं। दरअसल मंत्री नहीं बनाए जाने से नाराज विधायकों को खुश करने के लिए कैबिनेट मंत्री का दर्जा देने के लिए यह नियुक्तियां की जाएंगी। वरिष्ठ विधायकों को वरिष्ठ मंत्रियों के साथ वाले निगम-मंडल और आयोग की जिम्मेदारी देने की चर्चा है, ताकि उनके बीच आपसी मतभेद की स्थिति पैदा न हो। वहीं पांचवे विधायक के रुप में अमितेष शुक्ल या विकास उपाध्याय में किसी एक नाम पर मुहर लग सकती है। इसी तरह संगठन की आेर से पहली सूची में जिन नामों पर मुहर लगने के संकेत हैं उनमें धनेश पाटिला, रामगोपाल अग्रवाल, गिरीश देवांगन और सुरेन्द्र शर्मा के नाम शामिल हैं।
जल्द होंगी नियुक्तियां
नामों को लेकर चर्चा हुई है। नामों पर मंथन कर लिया गया है। जल्द ही सूची तैयार कर नियुक्तियां शुरु की जाएंगी। -मोहन मरकाम, पीसीसी चीफ