छत्तीसगढ़ में लॉकडाउन के बाद पीसीसी के पांच बड़े पद होंगे खाली, संचार प्रमुख और कोषाध्यक्ष पद पर नए को मौका जमीनी कांग्रेस कार्यकर्ताओ को मिलेगा मौका
रायपुर/छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार का हिस्सा बनाए जाने और निगम-मंडल आयोगों में बड़ी जिम्मेदारी संभालने के बाद पीसीसी संगठन के पांच बड़े पद रिक्त होने वाले हैं। इन सभी पदों पर जल्द ही नए चेहरे नजर आएंगे। पीसीसी ने खाली होने वाले पदों की सूची तैयार कर ली है। जल्द ही इसका प्रस्ताव बनाकर पार्टी आलाकमान को भेजा जाएगा।
सीएम भूपेश बघेल ने हाल ही में प्रदेश के निगम-मंडल और आयोगों में नई नियुक्तियां की हैं। इनमें कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, उपाध्यक्ष गिरीश देवांगन, संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेष नितिन त्रिवेदी शामिल हैं जबकि संसदीय सचिव पद पर द्वारिकाधीश यादव वहां कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त राजेश तिवारी वर्तमान में विधायक दल के सचिव हैं। इन पांच बड़े पदों के अलावा अन्य ऐसे पदाधिकारियों को भी संगठन से अपना पद छोड़ना होगा जिन्हें निगम-मंडल में जगह दी गई है।
निगम-मंडल की दूसरी सूची के बाद जारी होंगे नाम
निगम-मंडल की पहली सूची में संगठन से जुड़े 32 नेताओं को महत्व दिया गया है जबकि दूसरी सूची भी लॉकडाउन समाप्त होते ही अगस्त माह के पहले सप्ताह में घोषित होने की संभावना जताई जा रही है। दूसरी सूची में भी संगठन से जुड़े कुछ बड़े नाम शामिल हैं। इस सूची के बाद ही संगठन में विस्तार तथा रिक्त होने वाले पदों पर दूसरे सक्रिय पदाधिकारियों को मौका दिया जाएगा।
लाकडाउन खत्म होते ही आएंगे प्रभारी पीएल पुनिया
बताया गया है कि 22 से 28 जुलाई तक लगे लॉकडाउन के बाद प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया रायपुर आएंगे। इस दौरान वे सीएम भूपेश बघेल और पीसीसी चीफ से संगठन के बड़े पदों के लिए नामों पर चर्चा करेंगे। इसके बाद नाम घोषित किए जाएंगे।
सभी वर्ग को संतुष्ट करने की कोशिश
निगम-मंडल में सेट हुए पदाधिकारियों के रिक्त पदों पर बड़े और पार्टी के विश्वस्त चेहरे को ही मौका दिया जाएगा। इसके अलावा कई नेताओं को पीसीसी की विस्तारित कार्यकारिणी के अलावा मोर्चा-प्रकोष्ठों में भी एडजस्ट किया जाएगा। इसके लिए नामों की सूची भी तैयार की जा रही है। संगठन की कोशिश सभी वर्ग को संतुष्ट करने की है। सभी वर्ग और क्षेत्र को ध्यान में रखकर नियुक्तियां की जाएंगी।