धमतरी/ कोरोना काल के साथ करीब 4 साल से बंद सिटी बसों का संचालन जिले में दोबारा शुरू होगा। जिला अर्बन पब्लिक सर्विस सोसायटी को जल्द ही 10 बसें मिलेगी। इसके पहले चुनावी आचार संहिता हटते ही निगम आयुक्त विनय कुमार पोयाम ने टेंडर जारी किया है। जिसमें भाग लेने वालों के पास महीने भर का समय है। उम्मीद है कि नए साल 2024 से सिटी बसों का परिचालन शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही ग्रामीण इलाके के रहवासियों के अलावा कॉलेज विद्यार्थियों को फायदा होगा, क्योंकि जिन रूटों पर वर्तमान में बस सेवा नहीं है, ऐसे इलाके में ऑटो, टैक्सी संचालित हो रही, जो यात्रियों से मनमर्जी किराया वसूली कर लूट रहे है।
नगर निगम धमतरी के मुताबिक साल 2015 में धमतरी जिले को शासन से 10 सिटी बसें मिली थी। शहरी सार्वजनिक सोसायटी, रायपुर संचालित करती थी। सिटी बस सेवाओं का संचालन कोरोना काल के बाद से ही बंद हैं। पुरानी बसों में से 6 को रायपुर भेज दिया गया था और 4 बसें कंडम हो गई। वर्तमान में 1 बस अर्जुनी स्थित गोठान में कंडम खड़ी है, जबकि 3 अन्य बसों को वापस रायपुर भेजा गया। 2 बस- रुद्री, गंगरेल से वापस धमतरी बस स्टैंड। 2 बस- बस स्टैंड से कंडेल, दोनर, खरेंगा, कोलियारी से धमतरी। 2 बस- नगरी से दुगली तक। 4 बस- धमतरी से कुरूद, मेघा से वापस धमतरी। कोलियारी, नगरी, गंगरेल रूट पर सिटी बस संचालन पूरी तरह बंद है। रोजाना एक हजार से अधिक यात्री इस रूट पर बस से आते जाते हैं। गंगरेल पर्यटन रूट है। रोज सैकड़ों लोग आते-जाते हैं। डूबान क्षेत्रवासी लंबे समय से सिटी बस चलाने की मांग कर रहे हैं। इस रूट के लोगों को अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। सिटी बसें चलती है, तो यात्रियों को सुगम साधन मिलेगा।
किराया भी कम लगेगा। कॉलेज पढ़ने वाले विद्यार्थियों को फायदा होगा। निगम आयुक्त विनय पोयाम ने कहा कि दोबारा टेंडर जारी किया गया है। टेंडर की प्रक्रिया महीने भर चलेगी। नियमानुसार सब ठीक रहा, तो 2024 जनवरी के अंतिम सप्ताह तक बस सेवा शुरू हो जाएगी। धमतरी से कोलियारी-खरेंगा, गंगरेल डुबान क्षेत्र, गुरूर रूट पर बस चलाने की मांग हो रही है। तत्कालीन कलेक्टर ने सिटी बस या निजी बस सेवा डुबान में शुरू कराने की योजना भी पहले बनाई थी। यह भी अधूरी है। इन रूटों पर बसें नहीं चलने से टैक्सी, ऑटो चालक यात्रियों से मनमर्जी किराया वसूल रहे है। सीधे तौर पर नुकसान यात्रियों को हो रहा है। जिले में सिटी बस सेवाओं को फिर से शुरू करने धमतरी जिला अर्बन पब्लिक सर्विस सोसायटी द्वारा सितंबर माह में टेंडर जारी किया था। इसमें सिर्फ 1 इच्छुक व्यक्ति ने हिस्सा लिया था। इसके बाद अक्टूबर माह के पहले पखवाड़े में छग विधानसभा निर्वाचन 2023 के लिए आदर्श आचार संहिता लागू हो गया। इसके चलते आगे की प्रक्रिया थम गई। अब चुनाव के बाद आचार संहिता हटने के बाद अर्बन पब्लिक सर्विस सोसायटी ने बसों के संधारण और संचालन सेवाओं के लिए टेंडर जारी किया है। सोसायटी में कलेक्टर-एसपी सहित 17 अफसर सिटी बस संचालित करने जिला अर्बन पब्लिक सर्विस सोसायटी बनी है। इसके अध्यक्ष कलेक्टर है। इसके अलावा एसपी, जिला खनिज अधिकारी, नगर निगम आयुक्त, जिला कोषालय अधिकारी, पर्यावरण विभाग, आरटीओ, श्रम, कृषि, खाद्य और नगर पंचायत सीएमओ सदस्य है।