श्री जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक संघ के चुनाव का विवाद गहराया
नई कार्यकारिणी ने असंतुष्टों के आरोपों का खंडन कर चुनाव को बताया वैध
दुर्ग। श्री जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक संघ दुर्ग का चुनाव वैध है। यह चुनावी प्रक्रिया हाईकोर्ट और एसडीएम के आदेश पर चुनाव अधिकारी मोहन सेठिया के मार्गदर्शन में पूरी की गई है।
चुनाव में संघ के बॉयलाज के नियमों का पालन किया गया है। जिसके आधार पर संघ के 315 सदस्यों में से 150 सदस्यों ने चुनाव में हिस्सा लिया और संघ के 35 सदस्यीय नए कार्यकारिणी का चयन किया गया। इस नई कार्यकारिणी के विधिवत चुनाव में शासकीय आदेशों की अनदेखी व चुनाव को अवैध बताने वाले लोग केवल श्रेय की
राजनीति कर समाज में भ्रम की स्थिति पैदा कर रहे है। जो समाज व संघ के प्रतिष्ठा के लिहाज से गलत है। यह बातें श्री जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक संघ दुर्ग के नवनियुक्त अध्यक्ष राजेश लोढ़ा, महामंत्री योगेश बरडिय़ा व कोषाध्यक्ष संदीप निमाणी ने सोमवार को संयुक्त प्रेसवार्ता में कही।
इस दौरान संघ के पूर्व अध्यक्ष कांतिलाल बोथरा, पूर्व महामंत्री पद्म बरडिय़ा,अमृत लोढा के अलावा नए कार्यकारिणी के पदाधिकारी व कार्यकारिणी सदस्यगण भी मौजूद थे। श्री जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक संघ के नवनियुक्त अध्यक्ष, महामंत्री व कोषाध्यक्ष ने चर्चा में बताया कि संघ के नई कार्यकारिणी का विधिवत
चुनाव कराया गया है।
चुनाव से असंतुष्ट दूसरे पक्ष द्वारा चुनाव में शासकीय आदेशों का उल्लंघन करना और प्रक्रिया को अवैध बताने का आरोप सरासर गलत है। उन्होने चुनाव से असंतुष्ट लोगों पर आरोप लगाते हुए कहा है कि वे चुनाव की आड़ में श्रेय की राजनीति कर रहे। इसका बड़ा कारण सदर बाजार में निर्माणाधीन जैन मंदिर है।
निवृत्तमान पदाधिकारियों द्वारा मंदिर के निर्माण का 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण करवा लिया गया है। जल्द ही निर्माण कार्य पूरा होने वाला है। इस मंदिर निर्माण का श्रेय नए कार्यकारिणी को न मिल जाए। इसलिए असंतुष्ट लोग चुनाव की प्रक्रिया को लेकर लामबंद हो गए है। इसके अलावा संघ के नई कार्यकारिणी द्वारा असंतुष्टों पर अन्य आरोप लगाए गए है।
मालूम हो कि श्री जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक संघ के दूसरे पक्ष ने शनिवार को प्रेसवार्ता कर नई कार्यकारिणी के चुनाव को अवैध बताया था। प्रेसवार्ता में कहा गया था कि पदलोलुपता के कारण सरकारी आदेशों की अवहेलना कर जल्दबाजी में चुनाव कराया गया है। जो न्यायोचित नहीं है। जिसकी कलेक्टर, एडीएम, एसडीएम, सहायक रजिस्ट्रार फर्म व संस्थाएं को शिकायत भी की गई है। शिकायत करने वालों में मूलचंद जैन, दिनेश मारोटी,
विमलेश कोचर, दिलीप मारोटी, डी.सी.जैन, चुन्नीलाल जैन, रितेश बुरड़,किशोर जैन के नाम शामिल है।
इधर इन आरोपों का नई कार्यकारिणी द्वारा सोमवार को प्रेसवार्ता कर खंडन किया गया और चुनाव की प्रक्रिया को वैध बताया गया है। जिससे श्री जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक संघ दुर्ग के चुनाव का विवाद थमते नजर नहीं आ रहा है।