दुर्ग /कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने शंकराचार्य कोविड हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। यहां पर उन्होंने उपस्थित नर्सिंग स्टाफ एवं चिकित्सकों से मरीजों के इलाज की स्थिति जानी। चिकित्सकों ने बताया कि अभी यहां पर 89 मरीज एडमिट है। कलेक्टर ने क्रिटिकल केयर की स्थिति जानी तथा यहां पर गंभीर मरीजों के इलाज की स्थिति के संबंध में भी जानकारी ली। कलेक्टर ने यहां पर साफ सफाई का एवं भोजन व्यवस्था का निरीक्षण भी किया। कलेक्टर ने चिकित्सकों तथा नर्सिंग स्टाफ से कहा कि डेथ रेट को कम करना सबसे अहम जिम्मेदारी है। इसमें आप लोगों की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है। यहां पर सर्वोत्तम इलाज के लिए जिस प्रकार की व्यवस्था एवं समन्वय चाहिए, उसके लिए तुरंत अवगत कराएं। यहां पर मानव संसाधन एवं हॉस्पिटल मैनेजमेंट से संबंधित सभी आवश्यक चीजें तुरंत उपलब्ध कराई जाएंगी।