JPSC-JSSC परीक्षा में कथित धांधली के खिलाफ रांची में छात्रों का उग्र प्रदर्शन, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
रांची। झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ हजारों छात्र सड़कों पर उतर आए। छात्र विधानसभा घेराव के लिए आगे बढ़े और पुलिस की बैरिकेडिंग के पास पहुंचकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, आंसू गैस के गोले छोड़े और अंतिम बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर कार्रवाई के दौरान बिना पर्याप्त चेतावनी के लाठीचार्ज करने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस कार्रवाई के बाद कई छात्रों के घायल होने की खबर सामने आई है। घायल प्रदर्शनकारी शिवम ने दावा किया कि वे विधानसभा के बाहर बैठकर अपनी मांगों पर सरकार के जवाब का इंतजार कर रहे थे, तभी पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। उन्होंने पीठ समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोट लगने की बात कही।
दिनभर चले प्रदर्शन के बाद छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत बिगड़ने की सूचना है। उन्हें इलाज के लिए रांची के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। महतो पिछले कई दिनों से भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं।
विधानसभा घेराव कार्यक्रम में शामिल होने के लिए छात्र देर रात से ही जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में पहुंचने लगे थे। सुबह होते-होते वहां छात्रों की भारी भीड़ जुट गई। इसके बाद हजारों प्रदर्शनकारी विधानसभा की ओर मार्च करते हुए आगे बढ़े और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
छात्रों की मांग है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। कुछ प्रदर्शनकारी इस मामले की CBI जांच की मांग भी कर रहे हैं।
पुलिस ने विधानसभा की ओर बढ़ रहे छात्रों को रोकने के लिए कई स्तरों पर कंटीले तारों और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की थी। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया गया। इस दौरान कुछ छात्र बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और विरोध प्रदर्शन करते नजर आए।
पुलिस और छात्रों के बीच तनाव बढ़ने पर कथित तौर पर आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। इसके बाद अंतिम बैरिकेडिंग की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए लाठीचार्ज किया गया। प्रदर्शनकारियों ने जूते-चप्पल और पानी की बोतलें फेंकने की बात भी सामने आई है, जबकि पथराव में एक पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना है।
छात्रों के विधानसभा घेराव को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। विधानसभा परिसर और आसपास के इलाकों में 6 लेयर की सुरक्षा तैनात की गई। दूसरे जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस बल रांची बुलाया गया।
विधानसभा के आसपास कंटीले तार, भारी बैरिकेडिंग और CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है। करीब 2 किलोमीटर के दायरे में सुरक्षा बलों की विशेष तैनाती और वाटर कैनन की व्यवस्था की गई थी।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने संबंधित इलाके में BNS की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू किए हैं। पुलिस प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए है और लोगों से शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने की अपील कर रही है।
इधर, मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए CID ने JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल ख्यांगते को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, 21 जुलाई को JPSC कार्यालय में छापेमारी के बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद राज्यपाल ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया था और CID उनसे लगातार पूछताछ कर रही थी।
छात्रों के प्रदर्शन के बीच भाजपा के विधायक भी उनके समर्थन में सामने आए और मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना दिया। बाद में पुलिस ने उन्हें वहां से हटा दिया। वहीं डुमरी के विधायक जयराम महतो भी विधानसभा से बाहर निकलकर छात्रों से मिले और उनकी आवाज विधानसभा तथा सड़क दोनों जगह उठाने की बात कही।
छात्र नेताओं का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने छात्रों से अनुशासन बनाए रखने और प्रदर्शन को शांतिपूर्ण रखने की अपील भी की थी।
फिलहाल रांची में विधानसभा के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी है और छात्रों के आंदोलन तथा सरकार की आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
स्वामी / संपादक : ज्वाला प्रसाद अग्रवाल
सिंधी कॉलोनी, सिंधी गुरुद्वारा के पीछे, दुर्ग, छत्तीसगढ़, पिनकोड - 491001
मो.- 9993590905
बैंक का नाम : IDBI BANK
खाता नं. : 525104000006026
IFS CODE: IBKL0000525
Address : Dani building, Polsaipara, station road, Durg, C.G. - 490001
Copyright 2025-26 JwalaExpress - All Rights Reserved
Designed By - Global Infotech.