अनूपपुर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 225 किलो से ज्यादा गांजा जब्त किया। नाकाबंदी देखकर भाग रहे तस्करों की कार पेड़ से टकरा गई। एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार। जब्त गांजे की कीमत करीब 1.12 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
अनूपपुर। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपए का गांजा जब्त किया है। रामनगर थाना पुलिस ने सोमवार को घेराबंदी कर एक कार से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक जब्त किए गए गांजे का वजन करीब 225.740 किलो है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 1 करोड़ 12 लाख रुपए आंकी गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने की नाकाबंदी
इतनी बड़ी मात्रा में गांजा मिलने के बाद पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। रामनगर थाना प्रभारी सुमित कौशिक ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि छत्तीसगढ़ के मरवाही इलाके से गांजे की बड़ी खेप शहडोल की तरफ ले जाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने फुलवारीटोला मार्ग पर चेकिंग और नाकाबंदी शुरू कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध किआ सोनेट कार वहां पहुंची। पुलिस को देखकर कार सवार तस्करों ने वाहन तेज गति से भगाने की कोशिश की।
भागने के दौरान पेड़ से जा भिड़ी कार
भागने के दौरान चालक नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। कार दुर्घटनाग्रस्त होते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 23 वर्षीय सुमित मिश्रा उर्फ बेटू के रूप में हुई है। हालांकि उसका दूसरा साथी अंधेरे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गया। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो अंदर से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
पुलिस को तस्करी के बड़े नेटवर्क का शक
इसके अलावा वाहन और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तस्करी में इस्तेमाल की गई लग्जरी कार महज 18 दिन पहले खरीदी गई थी। इतनी बड़ी मात्रा में गांजा मिलने के बाद पुलिस को शक है कि इसके पीछे संगठित तस्करी गिरोह सक्रिय हो सकता है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस जगह पहुंचाया जाना था। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
साथ ही जब्त मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। माना जा रहा है कि इस कार्रवाई से नशा तस्करी से जुड़े कई और खुलासे हो सकते हैं। रामनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और फरार आरोपी को जल्द पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
स्वामी / संपादक : ज्वाला प्रसाद अग्रवाल
सिंधी कॉलोनी, सिंधी गुरुद्वारा के पीछे, दुर्ग, छत्तीसगढ़, पिनकोड - 491001
मो.- 9993590905
बैंक का नाम : IDBI BANK
खाता नं. : 525104000006026
IFS CODE: IBKL0000525
Address : Dani building, Polsaipara, station road, Durg, C.G. - 490001
Copyright 2025-26 JwalaExpress - All Rights Reserved
Designed By - Global Infotech.