राव नरेंद्र का अंदरूनी विरोध शुरू, इनेलो ने भी दिखाई भ्रष्टाचार की पुरानी सीडी
हरियाणा कांग्रेस में विधानसभा चुनाव के 10 माह बाद बदले गए प्रदेशाध्यक्ष का एक दिन बाद ही विरोध भी शुरू हो गया है। कांग्रेस ने चौधरी उदयभान को हटाकर राव नरेंद्र सिंह को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को दोबारा विधायक दल का नेता चुना गया है। यह बदलाव कुछ कांग्रेसियों को रास नहीं आ रहा। पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव ने खुले तौर पर सोशल मीडिया पर नए फैसले पर सवाल खड़े किए।

नए प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कार्यभार संभालने से पहले दिल्ली में सक्रिय मुलाकातों का दौर शुरू किया। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला और विधायक दल के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा से चर्चा की। इसके बाद वह पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह से भी मिले। सूत्रों का कहना है कि राव नरेंद्र सिंह आगे की रणनीति को लेकर वरिष्ठ नेताओं के साथ समन्वय बनाने की कोशिश में जुटे हैं। विश्लेषकों का मानना है कि यह बदलाव कांग्रेस को एकजुट कर पाएगा या फिर आंतरिक असंतोष और बढ़ाएगा, इसका जवाब आने वाले महीनों में साफ होगा।
इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने चंडीगढ़ स्थित पार्टी मुख्यालय पर प्रेस वार्ता कर कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की पैसे लेकर सीएलयू करवाने के मामले में पुरानी सीडी जारी की। इसमें तत्कालीन मंत्री व नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र का पैसे के बदले सीएलयू कराने के मामले का स्टिंग ऑपरेशन है। यह स्टिंग ऑपरेशन इनेलो ने ही करवाया था। माजरा ने आरोप लगाया कि इस सीडी में राव नरेंद्र सीएलयू करवाने के 30 करोड़ से लेकर 50 करोड़ रुपये तक मांगते नजर आ रहे हैं। वो पेमेंट कैसे की जाएगी और इसका शेड्यूल कैसे होगा ये सारी बातें इस सीडी में दर्ज हैं। राव नरेंद्र पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं और उन पर एफआईआर दर्ज है। इस मामले में हरियाणा के तत्कालीन लोकायुक्त जस्टिस प्रीतम पाल ने जांच डीजीपी को सौंपी थी, तब लिए गए वॉयस सैंपल भी सही पाए गए थे।
रामपाल माजरा ने कहा कि कांग्रेस ने अपनी पार्टी में हर तरफ देखा, लेकिन कोई भी साफ सुथरी छवि वाला व्यक्ति नहीं मिला। कैप्टन अजय यादव ने राव नरेंद्र सिंह की नियुक्ति को लेकर जो सवाल उठाए हैं, वह बिल्कुल सही हैं। राव नरेंद्र सिंह को प्रदेश अध्यक्ष बनाने में पार्टी की कौन सी मजबूरी है। सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा की कंपनी स्काईलाइट हॉस्पिटैलिटी को भी सीएलयू दिया गया था। शायद उसी के चलते हरियाणा कांग्रेस संगठन में यह बदलाव हुए हैं। रामपाल माजरा ने कहा कि जब तक राव नरेंद्र सिंह के बारे में हाई कोर्ट से कोई निर्णय नहीं आ जाता तब तक उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाना गलत है। इस मामले को लेकर राव नरेंद्र सिंह के खिलाफ हाई कोर्ट में मामला जारी है और चार्जशीट भी पेश हो गई है।
रामपाल माजरा ने कहा कि कांग्रेस ने पुरानी शराब को नई बोतल में डाला है। अगर कांग्रेस को प्रदेशाध्यक्ष चुनना था तो कुमारी सैलजा, अशोक अरोड़ा, रणदीप सुरजेवाला, कैप्टन अजय यादव और कुलदीप शर्मा को भी चुन सकती थी।
उन्होंने भूपेंद्र हुड्डा को नेता प्रतिपक्ष बनने की बधाई के साथ-साथ बीजेपी को भी बधाई दी कि भाजपा जिसको चाहती थी उसको फिर से कांग्रेस ने नेता प्रतिपक्ष बना दिया। बीजेपी भी चाहती थी कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा कांग्रेस विधायक दल के नेता बने। इसी के चलते पिछले 1 साल से भूपेंद्र सिंह हुड्डा से कोठी खाली नहीं करवाई।
वहीं, कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने इनेलो की सीडी पर कहा कि इनेलो भाजपा के हाथों में खेल रही है। यह सीडी वाला वीडियो फर्जी है। 2016 में हमने कोर्ट में इनेलो नेताओं को पार्टी बनाया था। 9 साल में एक भी इनेलो नेता कोर्ट में नहीं आया। फोरेंसिक रिपोर्ट में भी यह साबित हो चुका है कि वीडियो एडिट किया हुआ है। लोकायुक्त ने भी इसकी जांच की थी।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
स्वामी / संपादक : ज्वाला प्रसाद अग्रवाल
सिंधी कॉलोनी, सिंधी गुरुद्वारा के पीछे, दुर्ग, छत्तीसगढ़, पिनकोड - 491001
मो.- 9993590905
बैंक का नाम : IDBI BANK
खाता नं. : 525104000006026
IFS CODE: IBKL0000525
Address : Dani building, Polsaipara, station road, Durg, C.G. - 490001
Copyright 2025-26 JwalaExpress - All Rights Reserved
Designed By - Global Infotech.