रायपुर। (DNH) छत्तीसगढ़ में मंगलवार को एक साथ पांच कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद संक्रमितों की संख्या 100 पहुंच गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राजनांदगांव में चार और कोरबा में एक मरीज मिले हैं। इनमें से राजनांदगांव के सभी चार मजदूर हैं जो मोहला ब्लॉक के करमोता गांव के बताए गए, जो 11 मई को मुंबई से लौटे थे। वहीं कोरबा का एक मरीज 13 मई को दिल्ली से आया था। प्रशासन ने इन्हें क्वारंटाइन कर लक्षण के आधार पर इनके सैंपल जांच के लिए भेजा था। प्रदेश में अब एक्टिव मरीजों की संख्या 41 हो गई है। इनके अलावा मुंगेली जिले के रामपुर में भी एक कोरोना संक्रमित मरीज मिला है। बताया जा रहा है कि मजदूरी के लिए आगरा गया था और लॉकडाउन के बाद वहां से लौटा है।
राज्य में प्रवासी मजदूरों की वापसी के साथ ही कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा भी अब तेजी के साथ बढने लगा है। महज एक सप्ताह पहले राज्य में सिर्फ तीन एक्टिव केस रह गए थे, लेकिन श्रमिकों की वापसी के साथ ही लगातार आंकडा बढ रहा है। वर्तमान स्थिति में राज्य में 42 मरीज अस्पतालों में उपचारत हैं, जबकि 59 मरीज स्वस्थ्य होकर अपने घर लौट चुके हैं।
बीते रविवार को एक दिन में ही कुल 22 नए मामले सामने आए थे। संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की पहचान कर अब उन्हें क्वारंटाइन किया जा रहा है। इसके साथ ही राज्य में कोरोना के संदेहियों के तेजी के साथ सेंपल लिए जा रहे हैं।