नक्सलियों ने पूर्व सरपंच को गोली मारी, रिश्तेदारों से मिलने गए थे बुजुर्ग तभी इन्हें घेरकर हत्या कर दी गई
कांकेर में नक्सलियों ने एक पूर्व सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी। सोमवार की दोपहर हुई इस वारदात के बाद अब ग्रामीण डरे हुए हैं। पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर हालात का जायजा लिया है। यह वारदात मंडा गांव में हुई। कांकेर के एसपी एमआर अहिरे ने दैनिक भास्कर को बताया कि पूर्व सरपंच घत्सू राम उसेंडी की हत्या के बाद आसपास के लोग उन्हें अस्पताल लेकर गए। पखांजुर का अस्पताल इस गांव से करीब है। मगर यहां पहुंचते ही डॉक्टर ने घत्सू को मृत घोषित कर दिया।
एसपी ने कहा कि पूर्व सरपंच की उम्र करीब 50 साल थी। वो मंडा गांव के पास ही रिश्तेदारों के पास नुआखाई त्योहार मनाने गए थे। इसी बीच नक्सलियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। बड़गांव थाना इलाके में यह वारदात हुई है, पुलिस टीम घटना के पीछे की वजह का पता लगा रही है।
इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस थाने से पुलिसकर्मी मंडा गांव के लिए रवाना कर दिए गए। सरपंच के परिजन और घटना के वक्त मौजूद लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है। माना जा रहा है कि कुछ बड़े स्तर के नक्सली इस घटना में शामिल हों। क्योंकि इस मामले में हत्या गोली मारकर की गई है।