होम / दुर्ग - भिलाई / अपराध नियंत्रण को लेकर एसएसपी की क्राइम मीटिंग, लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण पर जोर
दुर्ग - भिलाई
नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, डिजिटल विवेचना, साइबर अपराध और नशे के नेटवर्क पर कार्रवाई के दिए निर्देश
दुर्ग। जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ विवेचना की गुणवत्ता बढ़ाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल ने जिले के राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की क्राइम मीटिंग ली। बैठक में अपराध की वर्तमान स्थिति, लंबित प्रकरणों, डिजिटल विवेचना, साइबर अपराध, नशे के अवैध कारोबार तथा आगामी त्योहारी आयोजनों के दौरान कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में ई-साक्ष्य, ई-FSL, मेडलीपार, CCTNS तथा FIR से F-5 तक डेटा एंट्री को लेकर अधिकारियों को निर्धारित प्रक्रिया एवं समय-सीमा के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए गए। इलेक्ट्रॉनिक दस्तावेज, मोबाइल, CCTV फुटेज एवं अन्य डिजिटल उपकरणों से प्राप्त साक्ष्यों को सुरक्षित रखने, अपलोड करने तथा संबंधित प्रकरण से लिंक करने पर विशेष जोर दिया गया।
60/90 दिवस में विवेचना पूरी करने के निर्देश
एसएसपी ने लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए 60/90 दिवस की वैधानिक समय-सीमा में विवेचना पूर्ण कर चालान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वर्ष 2024 एवं 2025 से लंबित मामलों के साथ बैंक संबंधी कार्यवाही, MLC/PMR, FSL रिपोर्ट एवं अन्य लंबित कार्यों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने कहा गया। CCTNS में FIR से F-5 तक सभी आवश्यक प्रविष्टियां समयबद्ध एवं त्रुटिरहित रूप से पूर्ण करने तथा डिजिटल एवं भौतिक रिकॉर्ड में एकरूपता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
साइबर अपराध और नशे के नेटवर्क पर सख्ती
बैठक में साइबर अपराधों की समीक्षा करते हुए बैंकिंग ट्रांजेक्शन, डिजिटल फुटप्रिंट, मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का वैज्ञानिक उपयोग कर आरोपियों एवं उनके नेटवर्क तक पहुंचने के निर्देश दिए गए। साइबर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने पर भी जोर दिया गया।
नशे के अवैध कारोबार को लेकर एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्रवाई केवल छोटे आरोपियों तक सीमित न रहे, बल्कि नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन, नेटवर्क और मुख्य स्रोतों तक पहुंचकर पूरे नेटवर्क के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए।
फरार आरोपियों और वारंटों की तामीली पर जोर
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, लंबित वारंटों की तामीली तथा गुंडा-बदमाशों एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध नियमानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अपराधियों के मॉडस ऑपरेंडी का विश्लेषण कर तकनीकी एवं वैज्ञानिक संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने को कहा गया।
नाबालिगों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बरतने के निर्देश
नाबालिगों द्वारा अपराध की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परिवार, अभिभावक, स्कूल एवं संबंधित विभागों के समन्वय से काउंसलिंग और सुधारात्मक कार्रवाई पर जोर दिया गया। नाबालिगों से संबंधित मामलों में बाल हित एवं विधिक प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
त्योहारी आयोजनों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान
आगामी त्योहारी आयोजनों को देखते हुए थाना स्तर पर पहले से पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बाजार क्षेत्रों में दुकानों को निर्धारित सफेद पट्टी के पीछे लगाने, मुख्य मार्गों को अवरुद्ध किए बिना गणेश पंडाल एवं अन्य सार्वजनिक आयोजन निर्धारित स्थानों पर कराने तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों पर बैठे मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
अपराध की पुनरावृत्ति रोकना पुलिस की प्राथमिकता
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने थाना प्रभारियों को अपराध की प्रवृत्ति का नियमित विश्लेषण करने, लंबित प्रकरणों की व्यक्तिगत समीक्षा करने तथा नवीन आपराधिक कानूनों के अनुरूप वैज्ञानिक एवं साक्ष्य आधारित विवेचना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण केवल घटना के बाद कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए। अपराध की पुनरावृत्ति रोकने, अपराधियों पर सतत निगरानी रखने, तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने और संवेदनशील वर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर समान रूप से ध्यान दिया जाए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग, नगर पुलिस अधीक्षक छावनी, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर, डीएसपी लाइन, डीएसपी हेडक्वार्टर, डीएसपी महिला सेल सहित जिले के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
स्वामी / संपादक : ज्वाला प्रसाद अग्रवाल
सिंधी कॉलोनी, सिंधी गुरुद्वारा के पीछे, दुर्ग, छत्तीसगढ़, पिनकोड - 491001
मो.- 9993590905
बैंक का नाम : IDBI BANK
खाता नं. : 525104000006026
IFS CODE: IBKL0000525
Address : Dani building, Polsaipara, station road, Durg, C.G. - 490001
Copyright 2025-26 JwalaExpress - All Rights Reserved
Designed By - Global Infotech.