होम / छत्तीसगढ़ जनसंपर्क / जल जीवन मिशन ने बदली पहाड़ी गांव गहन्दर की तस्वीर, पानी जुटाने की जद्दोजहद से मिली मुक्ति
छत्तीसगढ़ जनसंपर्क
जल जीवन मिशन ने बदली पहाड़ी गांव गहन्दर की तस्वीर, पानी जुटाने की जद्दोजहद से मिली मुक्ति
*सौर ऊर्जा से घरों तक पहुंच रहा स्वच्छ जल, साग-सब्जियां उगाकर परिवार का पोषण भी संवार रहीं महिलाएं*
रायपुर. . कभी परिवार की प्यास बुझाने पहाड़ी रास्तों से नाले और झरने से पानी लाना महिलाओं की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा था। मटमैले पानी को कई परतों से छानकर पीने लायक बनाना पड़ता था। आज उन्हीं महिलाओं के घरों में नल से स्वच्छ पानी पहुंच रहा है। पानी जुटाने में लगने वाला समय और श्रम बच रहा है। घरों में साग-सब्जियां उगने लगी हैं और परिवारों के खानपान में भी बदलाव आ रहा है। यह तस्वीर गरियाबंद जिले के घने जंगलों के बीच पहाड़ी पर बसे गहन्दर गांव की है, जहां आज भी बिजली नहीं पहुंची है और चारपहिया वाहन से जाना संभव नहीं है। जल जीवन मिशन के तहत सौर ऊर्जा आधारित नल-जल योजना ने यहां विशेष पिछड़ी कमार जनजाति के परिवारों, खासकर महिलाओं की जिंदगी को नई दिशा दी है।
गरियाबंद जिला मुख्यालय से राजधानी रायपुर की ओर करीब 20 किलोमीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग-130सी पर ग्राम पंचायत बारूका स्थित है। वहां से करीब 11 किलोमीटर लंबे जंगली रास्ते से होकर पहाड़ी पर बसे इसके आश्रित ग्राम गहन्दर तक पहुंचा जा सकता है। हाथी, हिरण और अन्य वन्य जीवों की आवाजाही वाले इस गांव में कमार जनजाति के करीब 11 परिवार रहते हैं। वनोपज संग्रहण इनकी आजीविका का प्रमुख साधन है। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच यहां जीवन की सबसे बुनियादी जरूरत पानी को पूरा करना भी किसी चुनौती से कम नहीं था।
ग्रामीण वर्षों से मौसमी नाले और झरने पर निर्भर थे। शासन द्वारा गांव से कुछ दूरी पर एक हैंडपंप भी लगाया गया था। इसके बावजूद पानी जुटाने के लिए ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ती थी। महिलाओं की दिनचर्या का बड़ा हिस्सा परिवार के लिए पानी की व्यवस्था में बीतता था। अब घर में नल लगने से उनकी यह परेशानी दूर हुई है।
*बिजली की बाधा को सौर ऊर्जा से किया दूर*
गहन्दर में बिजली की सुविधा नहीं होने के कारण जल जीवन मिशन के तहत सौर ऊर्जा आधारित नल-जल योजना स्थापित की गई है। इसके माध्यम से सभी घरों में नल कनेक्शन देकर स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जा रहा है। दुर्गम पहाड़ी और बिजली के अभाव जैसी चुनौतियों के बीच सौर ऊर्जा ग्रामीणों तक पेयजल पहुंचाने का माध्यम बनी है। गहन्दर को अक्टूबर-2024 में 'हर घर जल' ग्राम घोषित किया गया है।
सरपंच श्री छत्रपाल कुंजाम बताते हैं कि नाले से पानी लाने की मशक्कत ग्रामीणों के जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुकी थी। पहाड़ी पर बसे इस गांव के हर घर में पानी पहुंचने से ग्रामीणों को कितनी राहत मिली है, इसका अंदाजा उनके पहले के जीवन को देखकर लगाया जा सकता है। उन्होंने इस बदलाव के लिए शासन-प्रशासन के प्रति आभार जताया है।
*पानी के साथ लौटी खुशहाली*
गहन्दर की संत कुमारी और जयंती बाई के जीवन में आए बदलाव में जल जीवन मिशन का व्यापक असर दिखाई देता है। पहले पानी का इंतजाम करने के साथ ही साग-सब्जियों के लिए भी दूर के गांवों तक जाना पड़ता था। अब घरेलू जरूरतों के बाद बचे पानी का उपयोग कर वे अपने घरों में ही साग-सब्जियां उगा रही हैं। यहां के लोगों की थाली में पौष्टिक आहार की उपलब्धता बढ़ी है। महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य में भी सुधार देखने को मिल रहा है।
जयंती बाई इस बदलाव से खुश है। घर में नल लगने के बाद अब वे अपने पारंपरिक कार्यों को अधिक समय दे पा रही हैं और पहले से अधिक लगन से कर रही हैं।
गहन्दर में हर घर तक पानी पहुंचने का अर्थ केवल पेयजल की सुविधा मिलना नहीं है। महिलाओं के लिए यह रोजाना के कठिन परिश्रम से राहत, अपने परिवार और आजीविका के लिए अधिक समय तथा बेहतर पोषण का अवसर भी है। कभी पानी की व्यवस्था में खपने वाला महिलाओं का श्रम अब उनके परिवारों की खुशहाली संवारने में लग रहा है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
स्वामी / संपादक : ज्वाला प्रसाद अग्रवाल
सिंधी कॉलोनी, सिंधी गुरुद्वारा के पीछे, दुर्ग, छत्तीसगढ़, पिनकोड - 491001
मो.- 9993590905
बैंक का नाम : IDBI BANK
खाता नं. : 525104000006026
IFS CODE: IBKL0000525
Address : Dani building, Polsaipara, station road, Durg, C.G. - 490001
Copyright 2025-26 JwalaExpress - All Rights Reserved
Designed By - Global Infotech.