तृतीय लिंग समुदाय के सम्मान के साथ सजी अखिल भारतीय काव्य गोष्ठी, साहित्य और संगीत का अनूठा संगम
ऐतिहासिक साहित्यिक चेतना मंच का भव्य आयोजन, सांसद विजय बघेल ने कहा– पहचान लिंग से नहीं, बल्कि व्यक्तित्व, प्रतिभा और कर्मों से होती है
-बीएसएफ कमांडेंट विवेक श्रीवास्तव ने तृतीय लिंग समुदाय के लिए रोजगार के अवसरों पर डाला प्रकाश, राष्ट्रीय गायक शकील अली की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
दुर्ग। ऐतिहासिक साहित्यिक चेतना मंच के तत्वावधान में तृतीय लिंग समुदाय के सम्मान समारोह एवं अखिल भारतीय काव्य गोष्ठी का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। सामाजिक समरसता, समानता, मानवीय संवेदना और आपसी भाईचारे को समर्पित इस अनूठे आयोजन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे साहित्यकारों, कवियों, शायरों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। लगभग 100 से 150 लोगों की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में सम्मान, साहित्य और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के कमांडेंट विवेक श्रीवास्तव उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नागपुर से पधारे राष्ट्रीय गायक शकील अली ने की।
इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने अपने उद्बोधन में तृतीय लिंग समुदाय के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता व्यक्त करते हुए कहा कि आज वे जिस मुकाम पर हैं, उसमें गुरु माता का आशीर्वाद भी महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने गुरु माता के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान और समान अवसर मिलना चाहिए। किसी भी व्यक्ति की पहचान उसके लिंग के आधार पर नहीं, बल्कि उसके व्यक्तित्व, प्रतिभा और कर्मों से होनी चाहिए। उन्होंने इस प्रकार के आयोजन को सामाजिक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
बीएसएफ कमांडेंट विवेक श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में तृतीय लिंग समुदाय के सदस्यों के लिए रोजगार एवं सम्मानजनक अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग सहित विभिन्न क्षेत्रों में तृतीय लिंग समुदाय के लोगों के लिए भर्ती एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।
-तृतीय लिंग समुदाय के सदस्यों का हुआ सम्मान
आयोजन का सबसे भावुक क्षण उस समय आया, जब तृतीय लिंग समुदाय के सदस्यों को मंच पर आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर कई सदस्य भावुक हो उठे। उनके चेहरों पर खुशी और आत्मसम्मान का भाव स्पष्ट दिखाई दिया। सम्मानित होने वालों में गुरु माता जया राजपूतिया, शबनम, जय शिखा, शोभना, प्रीति, निशा, नंदनी, छुटकी, जोया, शालू और रिया सहित दुर्ग की अनेक सदस्य शामिल रहीं। वहीं रायपुर से विद्या राजपूत, दीव नाथ और जोया सहित अन्य सदस्यों का भी सम्मान किया गया। यह सम्मान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज के इस वर्ग के अस्तित्व, संघर्ष, प्रतिभा और आत्मसम्मान को स्वीकार करने का सार्थक प्रयास रहा।
-शकील अली की गायकी ने श्रोताओं को किया मंत्रमुग्ध
कार्यक्रम की संगीतमय प्रस्तुति में नागपुर से आए राष्ट्रीय गायक शकील अली ने अपनी शानदार गायकी से समां बांध दिया। उनके मधुर गीतों पर सभागार में मौजूद श्रोता झूम उठे। संगीत की इस प्रस्तुति ने समारोह को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
-अखिल भारतीय काव्य गोष्ठी में कवियों ने बिखेरे शब्दों के रंग
काव्य गोष्ठी में मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से पहुंचे राष्ट्रीय स्तर के कवियों और शायरों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को भावविभोर किया। राष्ट्रीय शायर वीरेंद्र कुमार हलचल बालाघाट-कटंगी एवं खुर्शीद आलम जबलपुरी ने अपनी प्रस्तुतियों से विशेष प्रभाव छोड़ा।
इसके अलावा रायपुर से मोहम्मद हुसैन मजाहिर, भाटापारा से डॉ. ललित सिंह ठाकुर, सरोजिनी यदु एवं डॉ. निवेदिता वर्मा 'मेधा', रिसामा से डॉ. कल्याण कुमार तथा बलौदी से राजनारायण कुमार सहित अनेक रचनाकारों ने काव्य पाठ किया।
दुर्ग-भिलाई एवं आसपास के क्षेत्रों से कवि हिमाचल कुमार पुरदा, डॉ. नरेंद्र देशमुख, बैकुंठ महानंद 'देवभूई', टी.आर. कोशरिया 'अलकरहा', प्रकाश चंद्र मंडल, सुशील यादव, फिरीतराम पटेल, डॉ. बीना सिंह रागी, राकेश गुप्ता रूसिया, घनश्याम सोनी, सेवंत देशमुख, डॉ. नौशाद अहमद सिद्दीकी, नीलम जायसवाल, रियाज गौहर, संध्या जैन राज, संध्या जैन महक, ओमवीर करण, डॉ. कल्याण सिंह साहू, सुरेश बंछोर, राजनारायण, डॉ. यशवंत 'यश' सूर्यवंशी तथा अंतरराष्ट्रीय शायर मुमताज साहब ने अपनी रचनाओं से आयोजन को साहित्यिक ऊंचाई प्रदान की। कवियों और शायरों ने सामाजिक एकता, प्रेम, भाईचारे, समानता, मानवीय संवेदना और सामाजिक चेतना जैसे विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं।
-कई गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में डॉ. संकल्प राय, उप निरीक्षक एवं नोडल अधिकारी साइबर क्राइम दुर्ग, पूर्व भारतीय सेना के हरदीप सिंह, अल्पसंख्यक बचत बैंक के डायरेक्टर रऊफ कुरैशी, पूर्व सदस्य बाल कल्याण समिति डॉ. प्रीति अजय बेहरा, समाजसेवी एवं पूर्व एल्डरमैन रत्नाराम देव, जनपद पंचायत दुर्ग के व्यापार, उद्योग एवं सहकारिता विभाग के सभापति गोपाल यादव, रिपोर्टर तरुण पटेल, पार्षद विनोद चंद्राकर, स्टार हेल्थ इंश्योरेंस के शाखा प्रबंधक आशीष फिलिप्स, लीनेस क्लब ऑफ छत्तीसगढ़ की अध्यक्ष रश्मि अग्रवाल, पूर्व प्रधान पाठिका नजमा बेगम, नसरीन बानो, ज्योति, दीपमाला, पिंकी एवं छत्तीसगढ़ रत्न शिरोमणि माथुर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। संजय चंद्राकर, ईश्वर सिंह राजपूत, दिनेश जैन और जाहिद अली राव ने भी सहभागिता की।
-कैलाश जैन बरमेचा की पहल बनी आयोजन की विशेष पहचान
इस भव्य आयोजन के आयोजक कैलाश जैन बरमेचा रहे। वे निरंतर सामाजिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश देने का प्रयास करते रहते हैं। इस आयोजन के माध्यम से उन्होंने समाज के ऐसे वर्ग को सम्मान का मंच प्रदान किया, जिसे अक्सर उपेक्षा और भेदभाव का सामना करना पड़ता है।
कार्यक्रम का कुशल संचालन एवं निवेदन नावेद रजा दुर्गावी ने किया। उन्होंने अपनी प्रभावशाली संचालन शैली से अतिथियों, कवियों और शायरों को मंच से जोड़कर पूरे आयोजन को गरिमामय स्वरूप प्रदान किया।
ऐतिहासिक साहित्यिक चेतना मंच का यह आयोजन सामाजिक समरसता और मानवीय गरिमा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बनकर सामने आया। तृतीय लिंग समुदाय के सदस्यों के चेहरों पर सम्मान की खुशी, अतिथियों के प्रेरक विचार, कवियों की रचनाएं और शकील अली की सुरीली गायकी ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। आयोजन ने संदेश दिया कि एक सशक्त और समरस समाज का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान, पहचान और आगे बढ़ने का अवसर मिले।
.jpeg)

संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
स्वामी / संपादक : ज्वाला प्रसाद अग्रवाल
सिंधी कॉलोनी, सिंधी गुरुद्वारा के पीछे, दुर्ग, छत्तीसगढ़, पिनकोड - 491001
मो.- 9993590905
बैंक का नाम : IDBI BANK
खाता नं. : 525104000006026
IFS CODE: IBKL0000525
Address : Dani building, Polsaipara, station road, Durg, C.G. - 490001
Copyright 2025-26 JwalaExpress - All Rights Reserved
Designed By - Global Infotech.