दुर्ग। केंद्रीय जेल दुर्ग के अस्पताल में कैदी का फांसी से लटकता हुआ शव मिला है। खबर लगते ही जेल प्रबंधन में हड़कंप मच गया है। फिलहाल जेल प्रबंधन की सूचना पर पद्मनाभपुर चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है।
जानकारी के मुताबिक घटना शनिवार सुबह 6 से 7 बजे के बीच की है। केंद्रीय कारागार दुर्ग में निरुद्ध इंदिरा नगर ग्राम परपोड़ी जिला बेमेतरा निवासी कैदी शिवाकर पिता करन लाल योगी (23) का जेल अस्पताल के चिकित्सक कक्ष में फंदे से लटकता शव मिला है। मृतक बेमेतरा जेल से हत्या के मामले में सजा होने पर केंद्रीय जेल दुर्ग लाया गया था। बताया जा रहा है कि वह जेल के अस्पताल में साफ सफाई करता और वहीं रहता भी था। शनिवार सुबह उसका शव ओपीडी डॉक्टर के रूम और बाथरूम के बीच दीवार पर रोशनदान के रॉड में कपड़े के सहारे लटका मिला। फिलहाल घटना को सुसाइड माना जा रहा है लेकिन मृतक के पास कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
बता दें कि जेल में 224 कैमरे है, लेकिन जहां फांसी लगाई गई है। वहां एक भी नही है। पहले भी भंडार गृह व अस्पताल में ऐसी घटनाएं हो चुकी है। बावजूद इसके वहां कैमरे नही होने की बात जेल प्रबंधन की पोल खोलता नज़र आ रहा है। इस घटना में मृतक की मौत कैसे हुई यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


क्या कहते हैं जिम्मेदार…
जेल प्रबंधन की सूचना पर मर्ग कायम कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। अभी मौके पर नहीं गया हूं।
ऐनु देवांगन, चौकी प्रभारी पद्मनाभपुर
मृतक अस्पताल में ही रहता व काम करता था। सुबह उसके द्वारा ओपीडी कक्ष में फांसी लगाने की पता चली, तो हमने पद्मनाभपुर चौकी पुलिस को सूचना दे दी है। मामला आत्महत्या का है, इसमें कोई सस्पेक्ट नहीं है।
योगेश क्षत्री, अधीक्षक, केंद्रीय जेल दुर्ग